Belonging – Autobiography of Sonia Gandhi or a curated Political Campaign?
“कैंपेन और रीच तो अच्छी है, लेकिन रिजल्ट क्या है?”
सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘Belonging’ आने के बाद मचे माहौल को देख मुझे वे सभी बॉस याद आए, जो अच्छे कैंपेन के बाद इस तरह के स्वाद ख़राब करने वाले सवाल पूछते थे, लेकिन कॉर्पोरेट में रणनीति की अच्छी समझ रखने वाले हर बॉस द्वारा अच्छे कैंपेन के बाद पूछा जाने वाला यह अति-महत्वपूर्ण प्रश्न है।
जब आत्मकथा की घोषणा हुई, तब अचरज हुआ कि अचानक इस वक़्त ऐसा क्यों? क्योंकि सामान्यतः यह क़दम राजनीति से संन्यास लेने के बाद उठाया जाता है, और सोनिया गांधी के मामले में संन्यास के बाद भी यह संभव नहीं, क्योंकि वह जिस परिवार में रहीं, वहाँ परिवार और देश की राजनीति के इतने राज़ छुपे हैं कि उन्हें व्यावहारिक कारणों से बाहर नहीं लाया जा सकता।
ऐसे में पहला एहसास यही हुआ कि सोनिया जी अपने ऊपर उठे सवालों के जवाब देना चाहती हैं, लेकिन थोड़ा सोचने पर लगा कि नहीं, यह जवाब वे सोनिया बनकर नहीं, कांग्रेस की नेता बनकर देना चाहती हैं।
यह आत्मकथा, आत्मकथा से अधिक एक पॉलिटिकल कैंपेन है, यह बात तब पुख्ता हुई जब पेंगुइन वाला विवाद हुआ। पेंगुइन ने सामान्य सम्पादकीय प्रक्रिया के तहत सवाल पूछे थे, लेकिन स्पष्टीकरण देने की जगह कांग्रेस ने इस मौक़े का फ़ायदा उठाकर उसे विवाद बना दिया। यह विवाद कुछ समय से चल रहे कांग्रेस के पॉलिटिकल कैंपेन की ही भाषा में था, अर्थात् यह उस कैंपेन का एक्सटेंशन मात्र था।
इस वक़्त जब कांग्रेस ज़मीन पर लड़ रही है, राहुल गांधी अपनी पुरानी छवि तोड़कर आगे बढ़ने में जुटे हैं, नई पीढ़ी कांग्रेस के इतिहास से अनभिज्ञ है। वह सिर्फ़ माहौल के साथ चल रही है। ऐसे में उसे कांग्रेस से जोड़े रखने के लिए उन्हें एक विश्वसनीय कहानी देने की ज़रूरत है।
सब जानते हैं कि सोनिया गांधी रहस्यमयी रही हैं और उनके बारे में जानने की उत्कंठा सबको होगी। ऐसे में आत्मकथा के ज़रिए अगर एक भावनात्मक कहानी सुना दी जाए, जिसमें नेहरू-गांधी परिवार का इतिहास भी हो, कांग्रेस के काम भी हों, अपनी प्रेम कहानी हो, विपक्ष के बारे में कुछ बातें हों, तो कांग्रेस की लड़ाई को कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास का सहारा मिले।
आईडिया अच्छा था और पेंगुइन के सवालों को जिस ख़ूबसूरती से विवाद में बदला गया, उसने इस कैंपेन की शुरुआत भी अच्छी की। जिन्हें नहीं पता, उन्हें बता दूँ कि इस किताब को ग्लोबली पेंगुइन ने ही प्रकाशित किया है। फिर भारत में पेंगुइन की जगह हार्पर क्यों, इसके तकनीकी पक्ष पर अलग से बात करेंगे। अभी कैंपेन पर टिकते हैं।
लंबे समय तक दुनिया की बहुत बड़ी प्रकाशन कंपनी में साउथ एशिया मार्केटिंग हेड रहा हूँ और प्रकाशन प्रक्रिया के तहत जानता हूँ कि पेंगुइन इंडिया द्वारा पूछे गए सवाल ग़लत नहीं थे। पेंगुइन ने भारत में किताब छापने से मना नहीं किया था, बल्कि कुछ हिस्सों पर सामान्य सम्पादकीय प्रक्रिया के तहत स्पष्टीकरण मांगा। यह स्पष्टीकरण एक सतर्क क़दम भी था, क्योंकि विषय ‘इंडिया’ के सबसे ताक़तवर परिवार से जुड़ा है, जिसके सामने इस वक़्त उतना ही ताक़तवर सत्ता पक्ष है।
पेंगुइन को जवाब मिलता, तब वह मना करता, तो और बात होती। लेकिन स्पष्टीकरण देने की जगह जिस तरह का माहौल बनाया गया, उससे स्पष्ट हो गया कि यह भी कांग्रेस के ईवीएम हैक जैसा ही कैंपेन है।
आत्मकथा की रणनीति कितनी कारगर?
शुरुआत में बहुत ख़ूबसूरत प्रमोशनल कैंपेन बना, जिसमें सोनिया गांधी राजीव गांधी के बारे में आँखों में चमक के साथ बात करती हैं। बच्चों के बारे में किसी वीडियो में बात करती हैं। बिल्कुल वैसी ही भावनात्मक कहानी, जैसी कैंपेन में होनी चाहिए।
मैं ख़ुद इस आत्मकथा को सोनिया-राजीव की प्रेम कहानी जानने के लिए पढ़ने को उत्सुक था।

आत्मकथा आई और तमाम भाजपा और कांग्रेस के पत्रकारों ने हाईलाइट करके किताब का लगभग हर पेज सोशल मीडिया पर डाल दिया, और साथ ही सारा कंटेंट खुलकर सामने आ गया।
प्रेम-कहानी और सोनिया-मेनका विवाद समेत तमाम निजी बातों में ऐसा कुछ नया नहीं था, जो पहले ही जेवियर मोरो द्वारा सोनिया गांधी की अनधिकृत जीवनी The Red Sari में नहीं था। ऐसा लगता है, लिखने वाले ने उसी किताब के कंटेंट को फर्स्ट पर्सन में लिख दिया है।
दूसरा महत्वपूर्ण हिस्सा राजनीतिक प्रश्नों का था। यहाँ पर भी जितने हिस्से शेयर हुए, वे सब राजनीतिक कहानी और एनालिसिस से अधिक राजनीतिक बयान थे। अब तक कांग्रेस के नेता कहते थे कि सोनिया जी फलाने मसले पर रोईं, ढिकाने पर भावुक हुईं। अब वही बयान जस के तस किताब में फर्स्ट पर्सन में आ गए।
कुल मिलाकर ऐसा कोई हिस्सा नहीं, जो आपको एहसास दिलाए कि ‘अरे, ये तो पता ही नहीं था’, ‘अरे, वर्तमान सरकार ने ऐसे कैसे कर दिया’, या ‘कांग्रेस की सोच इस विषय पर बहुत ठीक थी, सरकार ने गुमराह किया’।
रही-सही कसर कांग्रेस के सत्ताकाल से जुड़े विवादों पर सोनिया गांधी की चुप्पी ने कर दी। ये ऐसे विवाद हैं, जिनका बचाव नहीं है। जब आत्मकथा एक इमोशनल पॉलिटिकल कैंपेन के रूप में आई है, तो कम से कम पढ़कर उन विवादों पर यह भी लगता कि भले ही उस समय के कांग्रेस नेताओं ने कुछ ग़लत किया हो, लेकिन सोनिया गांधी उन जैसी नहीं। लेकिन यह आत्मकथा वहाँ भी फेल हो गई।
कांग्रेस से जुड़े पत्रकार जिन हिस्सों को शेयर कर रहे हैं, वे भी अंततः नुकसान ही पहुँचाएँगे, क्योंकि जिस तुष्टिकरण के आरोप कांग्रेस ने झेले हैं, वे उनकी सिर्फ़ पुष्टि कर रहे हैं।
हार्पर कॉलिन्स ने भी अति-उत्साह में लंबे लंबे दावे किए लेकिन किताब में जितनी संपादकीय त्रुटियां हैं, सर्वज्ञात तथ्यों में ग़लतियाँ हैं उसके बाद वे सिर्फ़ मौक़े पे चौका मारने वाले किसी छोटे प्रकाशक जैसे लगते हैं। उम्मीद है अगले एडिशन में उनके संपादक अपनी ‘सैलरी जस्टिफाई’ करेंगे।
अब देखते हैं कि कांग्रेस की आत्मकथा पॉलिटिक्स वाली रणनीति पक्ष में काम कर पाएगी या फिर से एक और high decibel campaign with no results बनकर रह जाएगी।
P.S. बाक़ी हमारा लोकतंत्र अनोखा है। भाजपा से जनता नाराज़ है, लेकिन कांग्रेस उस नाराज़गी को वोट में कितना कन्वर्ट करती है, यह देखना दिलचस्प होगा। भाजपा इस समय चुप है, लेकिन लगता है कि यह किताब आने वाले समय में कांग्रेस से अधिक उनका हथियार बनेगी। इन पत्रकारों द्वारा पोस्ट किए गए पेज और बयान भी इस्तेमाल होंगे।